
सुपरस्टार अजय देवगन इस वक्त सफलता के नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उनकी हालिया रिलीज रेड 2 बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई है। अब उन्होंने अपनी अपकमिंग (Ajay Devgn Upcoming Movies) कॉमेडी मूवी सन ऑफ सरदार 2 का आधिकारिक एलान करते हुए लेटेस्ट पोस्टर भी शेयर कर दिया है।
फिल्ममेकर लव रंजन की फिल्म दे दे प्यार दे के जरिए अजय देवगन ने सिनेमाघरों से लेकर बॉक्स ऑफिस तक जमकर सफलता हासिल की थी। इस मूवी के सीक्वल दे दे प्यार दे 2 का आधिकारिक एलान पहले ही किया जा चुका है। पहले ये मूवी 1 मई 2025 को रिलीज होने वाली थी अब माना जा रहा है कि 14 नवंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज हो सकती है।
19 जून गुरुवार को अजय देवगन ने सन ऑफ सरदार की रिलीज डेट का एलान किया है। आने वाली 25 जुलाई को उनकी ये एक्शन कॉमेडी मूवी दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। बता दें कि सन ऑफ सरदार 2 में इस बार सोनाक्षी सिन्हा की जगह एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर लीड रोल प्ले करती दिखेंगी।
दृश्यम 3 (Drishyam 3)
अजय देवगन के करियर की सबसे शानदार मूवीज के बारे में चर्चा की जाए तो उसमें दृश्मय फ्रेंचाइजी का नाम जरूर शामिल होगा। अजय की इस बेहतरीन सस्पेंस थ्रिलर की अगली किस्त यानी दृश्यम पार्ट 3 का फैंस को बेसब्री से इंतजार है, माना जा रहा है कि अगले साल 2026 में ये थिएटर्स में रिलीज की जा सकती है।
टोटल धमाल के जरिए अजय देवगन निर्देशक इंदर कुमार की इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े थे। धमाल 4 की शूटिंग को लेकर बीते दिनों अजय ने ताजा अपडेट दिया था। जिसके मुताबिक अगले साल ईद के मौके पर ये कॉमेडी मूवी बड़े पर्दे पर एंट्री मारेगी।
जिस तरह से अजय देवगन की रेड 2 को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली और फिल्म का क्लाईमैक्स खत्म हुआ, उससे ये साफ जाहिर होता है कि आने वाले समय में रेड फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त यानी रेड 3 भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करती दिखेगी। निर्देशक रोहित शेट्टी की कॉमेडी फ्रेंचाइजी गोलमाल की पांचवी किस्त यानी गोलमाल 5 पर मुहर लग गई है। हाल ही में ये खबर सामने आई थी कि अजय देवगन और टीम ने गोलमाल पार्ट 5 के लिए तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, इसकी रिलीज डेट की अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
शैतान 2 (Shaitaan 2)
बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन सुपर नेचुरल हॉरर थ्रिलर शैतान का सीक्वल भी बीते समय से चर्चा का विषय बना हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में अजय देवगन शैतान 2 में भी नजर आ सकते हैं।